पटना: बिहार में सत्ता परिवर्तन की औपचारिक शुरुआत सोमवार शाम से हो जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट बैठक के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए के विधायकों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा। इसके बाद नीतीश कुमार फिर से राजभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
चुनाव आयोग से नई विधानसभा गठन की रिपोर्ट शनिवार को मिली, जिसे राज्यपाल ने कैबिनेट को भेजा। कैबिनेट बैठक में 17वीं विधानसभा भंग करने और 18वीं विधानसभा गठन की सिफारिश की जाएगी। बैठक में वर्तमान मुख्यमंत्री के कार्यकाल के लिए आभार प्रस्ताव भी पारित होगा।
बैठक के तुरंत बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर इस्तीफा देंगे। फिर वे मुख्यमंत्री आवास लौटकर एनडीए विधायक दल की औपचारिक बैठक में शामिल होंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सोमवार को ही वह नई सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे।
शपथ ग्रहण स्थल को लेकर भी मंथन जारी है। भारी संख्या में मेहमानों की उपस्थिति को देखते हुए गांधी मैदान में भव्य शपथ समारोह कराने पर विचार चल रहा है। इससे पहले भी नीतीश कुमार दो बार वहीं शपथ ले चुके हैं।
खबर है कि 22 नवंबर से पहले ही शपथ कार्यक्रम हो सकता है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के सीएम शामिल हो सकते हैं।
मोदी का बयान: “बिहार राजनीति का मार्गदर्शक है”
चुनाव परिणाम के अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता राजनीति की समझ में दुनिया को मार्गदर्शन दे सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग हर चरण में विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने सूरत एयरपोर्ट पर भाषण देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से जमानत पर छूटे नेता जातिवाद फैलाने में लगे रहे, लेकिन जनता ने उन्हें पूरी तरह खारिज कर दिया।
नीतीश कुमार पूरे दिन नवनिर्वाचित विधायकों से मिलते रहे
शनिवार भर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात करते रहे। सबसे पहले लोजपा(रा) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उनसे मिले। इसके बाद मंत्री संतोष सुमन ने मुलाकात की। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, श्याम रजक, रामकृपाल यादव, राहुल सिंह सहित कई विधायक भी मिले। शाम को भी मुलाकातों का सिलसिला जारी रहा।
Leave a comment