कांकेर। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले कांकेर जिले के किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर 2 बजे खपरापारा स्थित गोंडवाना भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिले के 48 गांवों से आए सैकड़ों किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण संग्राम सेनानी एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अनिल दुबे ने कहा कि प्रदेश सरकार वनांचल क्षेत्रों के सैकड़ों किसानों से धान की खरीदी नहीं कर रही है। धान खरीदी पोर्टल के बार-बार ध्वस्त होने से किसान बेहद परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान विधायक का घेराव करेंगे और जिलाधीश के खिलाफ सीधी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में किसानों ने एक-एक कर अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा पंजीबद्ध किया गया। प्रमुख मांगों में धान खरीदी की सीमा बढ़ाना, फसल क्षति का मुआवजा, बिजली बिल की समस्याओं का निराकरण और फसल बीमा की लंबित राशि का भुगतान शामिल है।
किसान नेताओं ने निर्णय लिया कि पहले चरण में किसान अपनी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखेंगे। यदि सात दिनों के भीतर समाधान नहीं हुआ तो विधायक से इस्तीफे की मांग की जाएगी और सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत कल किसानों का प्रतिनिधिमंडल विधायक निवास पहुंचकर विरोध दर्ज कराएगा।
बैठक को किसान नेता द्वारिका साहू, रतन सिंह वट्टी, केशरी मल, वीरेंद्र कुरेटी और ईश्वर साहू ने भी संबोधित किया।
Leave a comment