Home छत्तीसगढ़ जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ दौरा कल, जांजगीर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होंगे शामिल
छत्तीसगढ़राजनीतिराष्ट्रीय

जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ दौरा कल, जांजगीर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होंगे शामिल

Share
Share

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 22 दिसंबर को जांजगीर में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के छत्तीसगढ़ प्रवास की जानकारी देते हुए उनका स्वागत किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जेपी नड्डा 22 दिसंबर को दोपहर 12:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर के माध्यम से सीधे जांजगीर रवाना होंगे।

जांजगीर पहुंचने पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

सरकार की उपलब्धियों की होगी प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों, सुशासन मॉडल और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों से संवाद और सम्मान कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जहां योजनाओं से लाभान्वित लोगों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं को देंगे मार्गदर्शन

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। वे आगामी राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण संदेश भी देंगे। कार्यक्रम को लेकर जांजगीर-चांपा जिले में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं जिला प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

भोपाल के लिए होंगे रवाना

कार्यक्रम के समापन के पश्चात जेपी नड्डा शाम लगभग 4:30 बजे जांजगीर से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। भाजपा के दृष्टिकोण से यह आयोजन न केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का मंच होगा, बल्कि संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *