नवा रायपुर स्थित IIM परिसर 28 से 30 नवंबर तक देशभर के पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करेगा। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति रहने वाली है। कार्यक्रम को देखते हुए नवा रायपुर क्षेत्र को हाई-सिक्योरिटी ज़ोन घोषित कर दिया गया है।
SPG, केंद्रीय एजेंसियों और राज्य पुलिस की संयुक्त टीमों ने मंगलवार को परिसर और मार्गों का निरीक्षण किया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत IIM परिसर, आसपास की सड़कें और प्रमुख सरकारी भवनों को सील कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री निवास से लेकर एयरपोर्ट तक सभी रूट पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती रहेगी।
सम्मेलन के दौरान अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, ड्रग्स नेटवर्क पर कार्रवाई, सीमा प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उद्घाटन सत्र में गृहमंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे, जबकि समापन सत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
देशभर के 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आ रहे पुलिस प्रमुखों के लिए सर्किट हाउस, ठाकुर प्यारेलाल संस्थान और निमोरा अकादमी में आवास व्यवस्था की गई है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के लिए भी अलग कमरा आवंटित किए गए हैं।
Leave a comment