छत्तीसगढ़ के नारायणपुर ज़िले में स्थित हंसवाणी विद्या मंदिर में एक मासूम बच्चे के साथ हुई क्रूर सज़ा ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना तब सामने आई जब नर्सरी से आठवीं तक संचालित इस स्कूल में एक छोटे बच्चे ने अपना होमवर्क पूरा नहीं किया। इस पर टीचर ने गुस्से में आकर बच्चे को पहले क्लास से बाहर निकाला और फिर स्कूल परिसर में मौजूद एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका दिया।
बच्चा लगातार रोता रहा और टीचर से उसे छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोप है कि टीचर ने उसकी एक न सुनी। यह दृश्य इतने दुखद था कि वहां मौजूद एक ग्रामीण ने इसका वीडियो बना लिया। जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मामला तेजी से फैल गया और पूरे इलाके में गुस्से की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों की भीड़ स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गई। लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की अमानवीय और अपमानजनक सज़ा शिक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
वहीं, स्कूल संचालक ने इस घटना को मामूली बताते हुए सिर्फ “डराने के लिए की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई” बताया, जबकि टीचर ने वीडियो वायरल होने के बाद रोते हुए अपनी गलती स्वीकार की। लेकिन अभिभावक और ग्रामीण इस सफाई से बिल्कुल सहमत नहीं हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुँची और टीचर तथा स्कूल प्रबंधन से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि बच्चे के साथ हुई इस अमानवीय हरकत की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी
Leave a comment