रायपुर। छत्तीसगढ़ शिवसेना ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम 15 सूत्रीय मांगों वाला विस्तृत ज्ञापन जारी किया। संगठन ने दावा किया कि वह प्रदेश में पिछले 41 वर्षों से हिंदू हित, प्रदेश हित और गरीबों के मुद्दों पर संघर्षरत है। शिवसेना नेताओं ने कहा कि देश ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहाँ “कड़े और दूरगामी निर्णय” लिए जाने की आवश्यकता है।


प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में जारी इस ज्ञापन में गौ-रक्षा से लेकर समान नागरिक संहिता, जनसंख्या नियंत्रण, दंगाइयों पर कड़ी कार्रवाई और मदरसों की विदेशी फंडिंग रोकने जैसे कई मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर कानून बनाने की मांग की गई है।
शिवसेना पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर इन्हें जल्द लागू करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर संगठन प्रदेश से लेकर दिल्ली तक व्यापक आंदोलन छेड़ेगा।

ज्ञापन पर प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के साथ मधुकर पांडेय, रेशम लाल जांगड़े, कृष्णा यादव, संतोष शुक्ला, हिमांशु शर्मा, सन्नी देशमुख समेत कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
Leave a comment