Home बड़ी खबर श्रीनगर के नौगाम थाने में भीषण धमाका: आग से मचा हड़कंप, कई घंटे तक अफ़रातफ़री
बड़ी खबर

श्रीनगर के नौगाम थाने में भीषण धमाका: आग से मचा हड़कंप, कई घंटे तक अफ़रातफ़री

Share
Share

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना ताकतवर था कि थाने परिसर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। आसपास के क्षेत्रों में भी अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, घटना में 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि 29 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया और आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगाई गईं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और जांच टीमें घटनास्थल पर जुटी हैं।

सुबह 10 बजे DGP की प्रेस कॉन्फ्रेंस, 10:30 पर MHA ब्रिफ करेगा

पूरे मामले पर आज सुबह 10 बजे जम्मू-कश्मीर DGP प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जबकि 10:30 बजे गृह मंत्रालय (MHA) इस घटना को लेकर विस्तृत जानकारी साझा करेगा। सूत्रों के अनुसार, धमाके की वजह का पता लगाने के लिए FSL की टीम मौके पर पहुंच गई है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।सोशल मीडिया पर धमाके के कई वीडियो और CCTV फुटेज तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

दिल्ली ब्लास्ट मॉड्यूल से जुड़ा विस्फोटक जांच के दौरान फटा

जांच से जुड़े सूत्रों ने बड़ी जानकारी दी है। उनके मुताबिक, नौगाम थाने में रखा गया विस्फोटक दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट के आतंकी मॉड्यूल से जब्त किया गया था। बताया जाता है कि यह 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट था, जिसे हाल ही में हरियाणा के फरीदाबाद से बरामद किया गया था।

यह विस्फोटक डॉ. मुझम्मिल गनई नाम के संदिग्ध के किराए के घर से जब्त किया गया था। दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों से पूछताछ में यह कड़ी सामने आई थी। पुलिस की सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान इसे अस्थायी रूप से नौगाम थाने में रखा गया था, जहां जांच के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।

दिल्ली लाल किला के पास ब्लास्ट से  जुड़ी कड़ी

गौरतलब है कि 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किला के पास i20 कार में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हुई थी। उसी मॉड्यूल से जब्त किया गया यह विस्फोटक नौगाम थाने के भीतर एक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था, तभी हादसा हो गया।पूरी घटना की जांच कई एजेंसियाँ मिलकर कर रही हैं और फिलहाल किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *