Home छत्तीसगढ़ गड्ढों में तब्दील हुई बिलासपुर की सड़कें, उड़ती धूल और जर्जर मार्गों ने बढ़ाई शहरवासियों की मुसीबत
छत्तीसगढ़

गड्ढों में तब्दील हुई बिलासपुर की सड़कें, उड़ती धूल और जर्जर मार्गों ने बढ़ाई शहरवासियों की मुसीबत

Share
Share

बिलासपुर। लगातार बारिश और खराब रखरखाव ने बिलासपुर शहर की सड़कों की हालत बेहद बदतर कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उड़ती धूल आमजन के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है, वहीं पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के दौरान ही सड़कों की परतें उखड़ने लगी थीं, लेकिन नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की अनदेखी के चलते स्थिति और बिगड़ती चली गई। समय रहते मरम्मत नहीं होने से छोटे गड्ढे अब बड़े खतरनाक गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं।

 दावे हुए बेअसर

वर्षा काल के दौरान विभागों की ओर से यह कहकर जिम्मेदारी टाल दी गई कि मानसून खत्म होने के बाद सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। लेकिन बारिश थमे हुए करीब पांच महीने बीत चुके हैं और अब तक अधिकांश सड़कों पर कोई ठोस सुधार कार्य नहीं हो सका है। जो मरम्मत कराई भी गई, वह अस्थायी और निम्न गुणवत्ता की साबित हुई।

 हाल ही में बनी सड़कें भी जर्जर

चौंकाने वाली बात यह है कि कई सड़कें महज एक से तीन वर्ष पहले ही बनाई गई थीं। घटिया निर्माण सामग्री और कमजोर निगरानी के कारण ये सड़कें बारिश का दबाव नहीं झेल सकीं। परिणामस्वरूप सड़कें उखड़ गईं और पूरे शहर में गड्ढों का जाल फैल गया।

 इन मार्गों पर विशेष सतर्कता जरूरी

27 खोली चौक से मंदिर चौक, मिनोचा कॉलोनी से राजेंद्र नगर चौक, राम सेतु से सिम्स चौक, अशोक नगर से शनिचरी बाजार जैसे व्यस्त मार्गों पर हालात बेहद खराब हैं। इन सड़कों से रोज हजारों वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, गांधी चौक, दयालबंद, राजकिशोर नगर, गोंड़पारा, देवकीनंदन चौक और हाल में बनी स्मार्ट सड़कों पर भी गड्ढों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।

 पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर सबसे ज्यादा असर

जेल मार्ग, पत्रकार कॉलोनी मार्ग, मोपका-तोरवा, महामाया चौक से कोनी, तारबाहर से नगपुरा, नेहरू चौक से उस्लापुर पुल, एनएच-130 सहित कई प्रमुख पीडब्ल्यूडी मार्ग जर्जर अवस्था में हैं। इन मार्गों पर वाहन चालकों को हर समय सतर्क रहना पड़ रहा है।

 जूना बिलासपुर की स्थिति चिंताजनक

जूना बिलासपुर क्षेत्र की सड़कें सबसे अधिक खराब बताई जा रही हैं। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं उड़ती धूल से दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को मास्क पहनकर दुकानदारी करनी पड़ रही है।

शहरवासी अब प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *