महासमुंद। अवैध करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड एवं अवैध नूतन आयरन एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड की गतिविधियों के विरोध में लगभग पौने चार वर्षों से संघर्षरत छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा अब न्यायालय के आदेश के साथ निर्णायक कदम उठाने जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए राज्य आंदोलनकारी एवं छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल दुबे ने बताया कि 26 दिसंबर को तुमगांव थाना परिसर से न्यायालयीन आदेश के अनुरूप छत्तीसगढ़ महतारी को विधिवत पूजा-पाठ, बैंड-बाजा, आतिशबाजी और महाआरती के साथ सम्मानपूर्वक प्राप्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर तुमगांव, महासमुंद, सिरपुर, पटेवा सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों छत्तीसगढ़िया नागरिक शामिल होंगे। आंदोलनकारियों का आरोप है कि पूरे मामले में कुछ प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों एवं असामाजिक तत्वों की संदिग्ध भूमिका रही है, जिसके खिलाफ संगठित आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष अनिल दुबे ने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ महतारी अस्मिता यात्रा की आगामी रणनीति तय करने के लिए 28 दिसंबर 2025 को रायपुर स्थित राज्य आंदोलनकारी स्थल छत्तीसगढ़ी भवन, हांडीपारा में प्रदेशभर से आंदोलनकारी एकत्रित होंगे, जहां आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
कार्यक्रम के उपरांत छत्तीसगढ़ महतारी खैरझिटी में विश्राम करेंगी। वहीं 26 दिसंबर को राजधानी रायपुर से पत्रकार, साहित्यकार, चित्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी तुमगांव थाना पहुंचकर इस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
Leave a comment