सरगुजा जिले के लिए यह समय गौरव और उपलब्धियों से भरा रहा, जब एक ओर जिले की शिक्षिका ने राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाई, वहीं दूसरी ओर महिला बास्केटबॉल में सरगुजा सेक्टर ने राज्य स्तर पर परचम लहराया।
सरगुजा जिले की महिला शिक्षिका विभा चौबे ने देश के लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक पहुँचकर नया इतिहास रच दिया है। वे न केवल सरगुजा जिले की पहली महिला हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहली महिला शिक्षिका भी बन गई हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित शो में खेलने का अवसर मिला है। जारी किए गए प्रोमो के अनुसार, विभा चौबे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को महानायक अमिताभ बच्चन के सामने ज्ञान की चुनौती स्वीकार करती नजर आएंगी।
वर्तमान में विभा चौबे दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। वे लंबे समय से छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती आ रही हैं। सतत अध्ययन, आत्मविश्वास और ज्ञान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उनकी इस सफलता में उनके पति एवं मैनपाट मिडिल स्कूल के प्राचार्य प्रमेंद्र चौबे का भी अहम योगदान रहा है।
विभा चौबे की इस उपलब्धि से जिले के शिक्षा जगत में उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर जारी रहे, तो किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है। उनकी यह सफलता विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, छात्राओं और शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।
इधर, खेल जगत में भी सरगुजा सेक्टर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2025–26 में सरगुजा सेक्टर की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले में टीम ने दुर्ग सेक्टर को बड़े अंतर से पराजित किया। इससे पहले सेमीफाइनल में सरगुजा सेक्टर ने मजबूत दावेदार रायपुर सेक्टर को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था।
फाइनल मैच में सरगुजा सेक्टर की टीम ने शुरू से ही बेहतरीन तालमेल, रणनीति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मुकाबले पर उनकी पकड़ बनी रही। इस ऐतिहासिक जीत में टीम की खिलाड़ी प्रज्ञा मिश्रा, प्रिया जायसवाल, रिविका लकड़ा, रिमझिम मिश्रा, रागिनी, सुष्मिता, साक्षी तिर्की, प्रीति मिंज और संशिता शामिल रहीं।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि चयनित खिलाड़ी अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में प्रतिदिन नियमित अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लंबे अंतराल के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुँचना और खिताब जीतना पूरे सरगुजा संभाग के लिए गर्व की बात है। यह जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि लंबे समय बाद सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की महिला खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर चैंपियनशिप जीतकर नया इतिहास रचा है।
Leave a comment