Home अंतरराष्ट्रीय बांग्लादेश में उग्र हिंसा: भीड़ ने सात साल की बच्ची को जिंदा जलाया, सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम
अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश में उग्र हिंसा: भीड़ ने सात साल की बच्ची को जिंदा जलाया, सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम

Share
Share

नई दिल्ली। बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। देश के कई हिस्सों में हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में लक्ष्मीपुर सदर उपजिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां उपद्रवियों ने एक घर को बाहर से बंद कर आग लगा दी। इस घटना में सात साल की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जिस घर को आग के हवाले किया गया वह बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े एक नेता का बताया जा रहा है। घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

हादी की हत्या के बाद भड़का जनाक्रोश

12 दिसंबर को ढाका के बिजोयनगर इलाके में एक चुनावी रैली के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने शरीफ उस्मान हादी के सिर में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल हादी को इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। 32 वर्षीय हादी को शनिवार को ढाका विश्वविद्यालय की मस्जिद के पास राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की समाधि के नजदीक कड़ी सुरक्षा के बीच सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम

हादी के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद उनकी पार्टी इंकलाब मंच ने अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर हादी के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

शनिवार दोपहर को ढाका के शाहबाग चौराहे पर हजारों लोगों की मौजूदगी में इंकलाब मंच के नेताओं ने यह अल्टीमेटम दिया। पार्टी प्रवक्ता और जुलाई के जन आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल नेता ने जनाजे की नमाज के बाद सरकार को खुली चेतावनी दी।

चुनावी राजनीति में उतरने की तैयारी में था हादी

शरीफ उस्मान हादी जुलाई 2024 के सत्ता परिवर्तन आंदोलन का अहम चेहरा था और भारत का मुखर आलोचक माना जाता था। वह आगामी 13वें संसदीय चुनाव में ढाका-8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुका था। हादी के परिवार ने शाहबाग में एक स्मारक बनाए जाने की मांग भी की है, जहां से आंदोलन की शुरुआत हुई थी।

यूनुस सरकार ने हादी की मौत पर एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। हालात को देखते हुए ढाका समेत पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

भारत में भी बढ़ाई गई सुरक्षा

बांग्लादेश में जारी हिंसा के मद्देनज़र नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने उच्चायोग के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया है। अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार रात से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई थी और आसपास बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *