Home छत्तीसगढ़ रायपुर में IG–SSP की अहम समीक्षा बैठक
छत्तीसगढ़

रायपुर में IG–SSP की अहम समीक्षा बैठक

Share
Share

रायपुर। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं रायपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आने वाले समय की चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

वर्ष के अंत को ध्यान में रखते हुए 19 दिसंबर 2025 को सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिले की पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की रणनीति तय की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित अपराध, मर्ग तथा गुमशुदगी के मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबे समय से लंबित शिकायत पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के आदेश भी दिए गए।

बैठक में नशा कारोबार पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश देते हुए कहा गया कि जिले में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की गहराई से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने और कठोर कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ ही जेल से रिहा हुए अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पुनः जांच कर उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उभरते बदमाशों की नियमित जांच, थानों में समय-समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने और कड़ी समझाइश देने के लिए भी कहा गया।

धान खरीदी के बाद किसानों द्वारा बड़ी नकदी घर ले जाने के दौरान संभावित अपराधों को देखते हुए किसानों को सतर्क करने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि लूट, चोरी एवं उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

नववर्ष के अवसर पर क्लबों, बार एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, अनैतिक गतिविधियों पर नियंत्रण, समय सीमा का पालन और उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। इसके साथ ही वीआईपी ड्यूटी, कानून-व्यवस्था एवं धरना-प्रदर्शनों के दौरान शांतिपूर्ण एवं प्रभावी प्रबंधन के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *