गोवा की नाइटलाइफ़ पर रविवार देर रात अचानक मातम छा गया। उत्तरी गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित एक मशहूर नाइटक्लब में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली। चश्मदीदों की मानें तो DJ और डांसर के कार्यक्रम के चलते क्लब में खासी भीड़ मौजूद थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में आग ने भयावह रूप ले लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाइटक्लब के किचन में रखे गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, जिससे आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई और धुएं के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
गोवा पुलिस के अनुसार, इस हादसे में मरने वालों में अधिकांश नाइटक्लब के कर्मचारी हैं। चार मृतक पर्यटक बताए गए हैं, जबकि सात शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नाइटक्लब में तैनात सुरक्षा गार्ड संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि हादसा रात 11 से 12 बजे के बीच हुआ। “मैं गेट पर ड्यूटी पर था, तभी अंदर से आग और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। उस वक्त क्लब में भारी भीड़ थी,” उन्होंने बताया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्लास्ट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा कर जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर आग से बचाव के मानकों में गंभीर लापरवाही सामने आई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है और मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत की है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
Leave a comment