रायपुर। अमलेश्वर में एक मजदूर को उसकी मेहनत की कमाई न मिलने का मुद्दा गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सांसद विजय बघेल के संसदीय क्षेत्र में स्थित अमलेश्वर के सैनी फार्म हाउस (एस.के. एग्रो रिसोर्ट) के मालिक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
गोंदवारा निवासी राजमिस्त्री ठेकेदार गंगाराम साहू का कहना है कि उन्होंने करीब 4.34 लाख रुपये का काम किया, लेकिन फॉर्म हाउस संचालक ने केवल ढाई लाख रुपये का भुगतान किया। शेष 1,84,109 रुपये पिछले एक वर्ष से लंबित हैं।
गंगाराम के अनुसार, जब भी वे पैसा मांगने जाते, उन्हें “जो करना हो कर लो, पैसा नहीं मिलेगा” जैसे शब्द सुनने पड़ते थे। लगातार गाली-गलौज और धमकियों से परेशान होकर ठेकेदार मानसिक और आर्थिक संकट में पहुंच गया।
इसी प्रताड़ना के खिलाफ गंगाराम ने एसपी, कलेक्टर, एसडीएम और पाटन थाना प्रभारी को शिकायती आवेदन सौंपा और इसके बाद छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा – पाटन ब्लॉक इकाई के बैनर तले आज 12 बजे से 3:30 बजे तक धरना–प्रदर्शन किया गया।
धरना स्थल पर “अब याचना नहीं, रण होगा… संग्राम महाभीषण होगा” और “गंगाराम साहू का भुगतान करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रांतीय प्रवक्ता जागेश्वर प्रसाद, पाटन ब्लॉक प्रभारी चेतन देवांगन, तथा कार्यकारिणी सदस्य शिवनारायण ताम्रकार, रामकुमार महीरवार, श्यामू राम सेन ने किया।
इस दौरान गंगाराम साहू के साथ धीरेंद्र वर्मा, बिसरूराम कुर्रे, मनबोध साहू, खिलेंद्र साहू, गुलाम सिंह ध्रुवंशी, नीरज पाटिल, के.बी. सिंह, हिम्मत साहू, प्रसाद साहू, अल्ताफ और पुनीत राम यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
धरना को संबोधित करते हुए जागेश्वर प्रसाद ने कहा कि यदि गंगाराम का बकाया भुगतान जल्द नहीं किया गया, तो आंदोलन को जिला स्तर से राज्य स्तर तक विस्तारित किया जाएगा और सड़क से लेकर अदालत तक की लड़ाई लड़ी जाएगी।
Leave a comment