Home खेल रांची में आज भारत–दक्षिण अफ्रीका भिड़ंत, क्या मौसम बदलेगा मैच की दिशा?
खेलराष्ट्रीय

रांची में आज भारत–दक्षिण अफ्रीका भिड़ंत, क्या मौसम बदलेगा मैच की दिशा?

Share
Share

रांची आज क्रिकेट के जुनून से सराबोर है। जेएससीए स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे मुकाबले को लेकर माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो चुका है। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि दोनों टीमें 12 बजे तक स्टेडियम में पहुंचने वाली हैं।

दर्शकों के लिए स्टेडियम का दरवाज़ा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहेगा। मौसम विभाग ने सुबह हल्के कोहरे और दिनभर बादलों की संभावना जताई है—हालाँकि बारिश की आशंका नहीं है। न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ओस इस मुकाबले को काफी हद तक प्रभावित कर सकती है। दूसरी पारी में बल्लेबाज़ों को गेंद रुककर आने की वजह से थोड़ी दिक्कत हो सकती है।

तीन साल बाद वनडे—शहर में क्रिकेट का उबाल

तीन साल बाद रांची में वनडे होने से उत्साह का स्तर अपने चरम पर है। दर्शकों की भीड़ को देखते हुए शहर में विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सभी टिकट दो ही दिनों में बिक चुके, जिससे मैच के रोमांच का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

सुबह से ही स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी आवागमन की उम्मीद के चलते यातायात व्यवस्था में कई बदलाव लागू किए गए हैं। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है।

पिच रिपोर्ट — बल्लेबाज़ों के लिए तोहफ़ा

अब तक इस पिच पर 6 वनडे खेले जा चुके हैं, जिनमें भारत ने तीन बार सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा किया है।
क्रिकेट कोच चंचल भट्टाचार्य के अनुसार, यह पिच हल्की धीमी रहती है और बीच के ओवरों में स्पिनरों को सहायता मिलती है। शुरुआती ओवरों में हल्का सीम मूवमेंट देखने को मिलेगा, लेकिन बाद में विकेट बल्लेबाजों के लिए आदर्श हो जाती है।
नवंबर के मुकाबलों में ओस गेम–चेंजर बन सकती है। गेंदबाज़ों को ग्रिप की परेशानी और बल्लेबाज़ों को खेलने में आसानी होगी।

दर्शकों के लिए सुविधाएँ—फूड, पार्किंग और नियम

स्टेडियम की हर विंग में खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए हैं।
एक बार प्रवेश करने के बाद दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
पार्किंग के लिए तय स्थानों में शामिल हैं—
सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर, डीएवी स्कूल मैदान, नेहरू स्टेडियम, मियां मार्केट, संत थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान।

टिकट पर अंकित गेट से ही प्रवेश करना होगा।
नवजात शिशु के लिए अलग टिकट अनिवार्य रहेगा।

 प्रतिबंधित सामान

कांच/प्लास्टिक की बोतलें, सिगरेट, माचिस, शराब, तंबाकू, धातु के डिब्बे, कैमरे, वीडियो रिकॉर्डर, हेलमेट, हथियार और बाहर का खाना—सभी प्रतिबंधित हैं।

प्रशासन ने अपील की है कि दर्शक नियमों का पालन करें ताकि सभी इस रोमांचक मुकाबले का आनंद बिना किसी परेशानी के उठा सकें। यह रांची का सातवां वनडे होगा, और दर्शकों में उम्मीद है कि यह मुकाबला यादगार साबित होगा।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *