दुर्ग छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल जा रही एक महिला टीचर अचानक रास्ते से गायब हो गईं। महिला का नाम राधा साहू (43) है, जो भिलाई सेक्टर-8 के मूक-बधिर स्कूल में पढ़ाती हैं। रोज़ की तरह वे अपने घर से ऑटो में बैठकर स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन इस बार स्कूल नहीं पहुंचीं।
जब टीचर स्कूल नहीं पहुँचीं तो स्कूल प्रबंधन ने उनकी अनुपस्थिति की जानकारी पति मुकेश साहू को दी। सूचना मिलते ही पति को चिंता हुई और वह अपनी पत्नी की खोज में निकल पड़ा। इसी बीच मुकेश के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को किडनैपर बताया और कहा कि उनकी पत्नी का अपहरण कर लिया गया है।
किडनैपर ने महिला का एक फोटो भी भेजा, जिसमें उनका मुंह कपड़े से बंधा था और उन्हें पेड़ के नीचे सुलाया गया था। तस्वीर देखकर परिवार घबरा गया। किडनैपर ने पति से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पैसे न देने पर स्थिति खराब होने की धमकी दी।
परिवार तुरंत कैट ऑनमेंट थाने पहुँचा और पूरी घटना पुलिस को बताई। शिकायत दर्ज होते ही CSP, SDOP सहित पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं। इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर गहराई से जांच की।
करीब 5 घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस ने महिला टीचर को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अपहरण असली था या किसी निजी कारण से साजिश रची गई थी।
ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि टीचर सुरक्षित हैं और परिवार को सौंप दी गई हैं।
Leave a comment