Home चुनाव EVM खराबी से कुछ बूथों पर देरी, 122 सीटों पर मतदान जारी: दूसरे चरण में 3.70 करोड़ वोटर करेंगे फैसला
चुनावबिहार

EVM खराबी से कुछ बूथों पर देरी, 122 सीटों पर मतदान जारी: दूसरे चरण में 3.70 करोड़ वोटर करेंगे फैसला

Share
Share

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए मंगलवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग जारी है। शुरुआती घंटों में कुछ बूथों पर EVM खराबी के कारण मतदान में देरी हुई, लेकिन अब प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है।

पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने अपनी पत्नी रेणु हुसैन के साथ सुपौल के वार्ड 21 प्राथमिक विद्यालय कोसी कॉलोनी स्थित बूथ संख्या 190 पर वोट डाला। शादी के बाद रेणु हुसैन का यह बिहार में पहला मतदान था। शाहनवाज हुसैन ने लोगों से अपील की कि “विकास का साथ दें, और बिहार को फिर से प्रगति के रास्ते पर ले जाएं।”

मधुबनी जिले में सुरक्षा के सख्त इंतजामों के बीच 10 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग जारी है। यहां 31 लाख 23 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि हर बूथ पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि मतदान शांति से संपन्न हो सके।

EVM खराबी के कारण देरी वाले बूथ:
सीतामढ़ी के बूथ संख्या 168, 169, 233, 293, किशनगंज के 325, 326, पूर्णिया के 89, अरवल के 306, और मोतिहारी के 110, 111, 109, 246, 340 पर तकनीकी समस्या के चलते मतदान देर से शुरू हुआ। चुनाव आयोग ने इन जगहों पर तुरंत वैकल्पिक मशीनें भेज दीं और अब सभी केंद्रों पर वोटिंग चल रही है।

सुपौल के डीएम सावन कुमार ने मतदान करने के बाद कहा कि “जिले के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। अफवाहों से बचें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”

पूर्णिया जिले की सात सीटों के लिए 69 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कुल 20 लाख 93 हजार 212 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि “स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।”

दिल्ली धमाके के बाद बिहार में अलर्ट

दिल्ली में मतदान से एक दिन पहले हुए धमाके के बाद बिहार में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि “दूसरे चरण में मतदान वाले जिलों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।”

122 सीटों पर 3.70 करोड़ वोटर करेंगे फैसला

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं।
कुल 3 करोड़ 70 लाख मतदाता आज अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं —

  • 1.95 करोड़ पुरुष मतदाता
  • 1.74 करोड़ महिला मतदाता
  • 4.04 लाख दिव्यांग मतदाता
  • 63,373 सर्विस वोटर
  • 943 थर्ड जेंडर वोटर
  • 43 एनआरआई वोटर
  • 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 7.69 लाख मतदाता

‘पहले मतदान, फिर जलपान’: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपील

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि “लोकतंत्र में मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, दायित्व भी है। बिहार के हर नागरिक को चाहिए कि वह मतदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।”

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *