पटना। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने एक बार फिर बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने साफ कहा कि अब उनका लक्ष्य सिर्फ एक है — तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना। सहनी ने अपने समर्थकों से 14 नवंबर को होने वाले ‘माछ-भात’ भोज में शामिल होने की अपील की, जहां वे “बदलाव के संकल्प” को दोहराएंगे।
वीवीपैट पर्ची विवाद पर गरजे सहनी
समस्तीपुर में वीवीपैट पर्ची फेंके जाने की घटना को लेकर सहनी ने कहा कि यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है और चुनाव आयोग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार जनादेश से नहीं, बल्कि वोट की चोरी से सत्ता में आती है।
सहनी ने कहा, “जब जनता वोट देने जाती है तो मशीनें खराब होती हैं, बूथ पर दबाव होता है। यह सब पहले से तय खेल है। बिहार की जनता अब सब समझ चुकी है।”
नीतीश के करीबी पर भी साधा निशाना
VIP प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी मंत्री विजय चौधरी के क्षेत्र में चुनाव से पहले पैसे बांटे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। इस पर उन्होंने कहा कि “सरकार और आयोग दोनों को जनता को जवाब देना चाहिए।”
जनता से अपील — लोकतंत्र बचाना जरूरी
पूर्व मंत्री सहनी ने कहा कि लोकतंत्र तभी बचेगा जब जनता उसके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा, “यह चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने का नहीं, लोकतंत्र बचाने का पर्व है। जो लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं, उन्हें जनता इस बार सबक सिखाए।”
एनडीए पर तंज — ‘अब ख्याली पुलाव पकाने बैठे हो!’
अपने चिर-परिचित अंदाज में सहनी ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा,
“पहले चरण के मतदान के बाद जब हवा बदल गई, तो अब ख्याली पुलाव पकाने लगे हो!
याद रखो, मुकेश सहनी अपने वचन का पक्का है —
जब तक तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे,
और भाजपा को पटखनी नहीं देंगे,
तब तक चैन से नहीं बैठेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “14 तारीख के बाद जीत का जश्न ‘माछ-भात’ भोज में मनाया जाएगा — इस बार प्लेट भी VIP होगी!”
Leave a comment