Home चुनाव तेजस्वी यादव परिवार संग पहुंचे मतदान केंद्र, भैंस पर बैठकर वोट डालने पहुंचे प्रत्याशी
चुनावबिहार

तेजस्वी यादव परिवार संग पहुंचे मतदान केंद्र, भैंस पर बैठकर वोट डालने पहुंचे प्रत्याशी

Share
Share

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में आज सुबह से ही नेताओं और मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। राजद नेता और इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने अपने परिवार के साथ पटना के वेटरनरी कॉलेज स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला।

तेजस्वी के साथ उनके पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, मां व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी मतदान केंद्र पहुंचे। वोट डालने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी लोगों को मतदान अवश्य करना चाहिए।

राबड़ी देवी ने भी लोगों से मतदान की अपील करते हुए कहा, “मेरी शुभकामनाएं दोनों बेटों के साथ हैं। तेजप्रताप अपने दम पर चुनाव लड़ रहे हैं और मैं दोनों की सफलता की कामना करती हूं। बिहार की जनता से अपील है कि वे घर से निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।”

वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, और जेडीयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में वोट डाला।
इसी दौरान, राजद प्रत्याशी और मशहूर गायक खेसारीलाल यादव ने सारण जिले के एकमा में मतदान किया, जबकि जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा से प्रत्याशी तेजप्रताप यादव ने पटना में अपना वोट डाला।

मतदान के दौरान वैशाली जिले में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब एक स्थानीय प्रत्याशी भैंस पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचा। उन्होंने अनोखे अंदाज में लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में बाहर निकलकर मतदान करें।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *