मुंबई। गणेशोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी से पहले मुंबई में डराने वाला मैसेज सामने आया है। मुंबई पुलिस के वॉट्सऐप नंबर पर धमकी भरा मैसेज आया, जिसमें लिखा गया कि 34 गाड़ियों में 400 किलो RDX लगाया गया है और शहर में बड़े धमाके होंगे।
जैसे ही यह मैसेज मिला, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत कंट्रोल रूम से सभी थानों को अलर्ट किया गया। पुलिस कमिश्नर ने क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) को जांच में लगाया है।
पुलिस ने उठाए ताबड़तोड़ कदम
- बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को शहरभर में एक्टिव कर दिया गया है।
- भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और बस टर्मिनल्स पर सुरक्षा जांच कड़ी की गई है।
- गणेश विसर्जन जुलूस के मार्गों पर खास नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि धमकी भले ही फर्जी हो, लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
जांच का दायरा बढ़ा
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है कि धमकी भरा संदेश कहां से और किसके नंबर से भेजा गया। मोबाइल नंबर और IP एड्रेस ट्रेस करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
त्योहार पर सुरक्षा का असर
अनंत चतुर्दशी पर लाखों लोग गणेश विसर्जन के लिए सड़कों पर उतरते हैं। इस बार धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां ज्यादा चौकस हैं। जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भीड़ में मौजूद रहेंगे। हर विसर्जन स्थल पर बम स्क्वॉड तैनात किया गया है।
Leave a comment