रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर कड़ाके की ठंड और शीतलहर चलने की संभावना है। हालांकि आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के संकेत भी मिले हैं।
प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड का असर सरगुजा संभाग में देखने को मिला है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार को प्रदेश का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान रहा। वहीं बस्तर संभाग के जगदलपुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य जिलों की बात करें तो दुर्ग में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री, पेंड्रारोड में 6.8 डिग्री, माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 8.5 डिग्री और बिलासपुर में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.3 डिग्री नीचे है।
रायपुर में कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को रायपुर शहर में कोहरे की आशंका जताई है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह और देर रात ठंड का असर अधिक महसूस किया जाएगा।
आने वाले दिनों में रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। आगामी दिनों में वर्षा की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड से लोगों को ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
Leave a comment