रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी का प्रभाव अभी भी बरकरार है, खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरगुजा संभाग के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक अंबिकापुर संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ सीमित क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आने वाले चार दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
राजधानी का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।
अन्य जिलों की बात करें तो अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, पेंड्रारोड में 7.8 डिग्री, जगदलपुर में 9.6 डिग्री, राजनांदगांव में 10 डिग्री और बिलासपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में बादलों की संभावना
स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रायपुर शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
Leave a comment