Home छत्तीसगढ़ अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ के 115 शहरों में अटल परिसरों का भव्य लोकार्पण
छत्तीसगढ़

अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ के 115 शहरों में अटल परिसरों का भव्य लोकार्पण

Share
Share

पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर आज 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ राज्य के 115 नगरीय निकायों में नवनिर्मित अटल परिसरों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अटल परिसरों का लोकार्पण करेंगे, जबकि शेष 114 नगरीय निकाय इस कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री साय आज दोपहर 12:30 बजे रायपुर स्थित अटल एक्सप्रेस-वे के फुंडहर चौक पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे तथा वहीं अटल परिसर का विधिवत लोकार्पण भी करेंगे।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता होने के साथ-साथ देश को विकास की नई दिशा देने वाले महान नेता थे। उनकी जन्म शताब्दी को राज्य सरकार ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मना रही है।

उन्होंने बताया कि अटलजी की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से राज्य के प्रत्येक नगरीय निकाय में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। 101वीं जयंती के अवसर पर 11 नगर निगमों, 28 नगर पालिकाओं और 76 नगर पंचायतों सहित कुल 115 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि नई सरकार ने वर्ष 2024 के अपने पहले विधानसभा सत्र में ही सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण की घोषणा की थी। इसके तहत 14 नगर निगमों को 50-50 लाख रुपये, 56 नगर पालिकाओं को 30-30 लाख रुपये तथा 122 नगर पंचायतों को 20-20 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। कुल 192 नगरीय निकायों में लगभग 46 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बीते वर्ष 25 दिसंबर को अटलजी की 100वीं जयंती पर 163 नगरीय निकायों में एक साथ भूमिपूजन किया गया था। अब तक 60 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का लोकार्पण हो चुका है, जबकि शेष स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है।

शहरों के प्रमुख स्थलों और उद्यानों में निर्मित अटल परिसरों में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और आधारभूत विकास कार्य किए गए हैं। ये परिसर नागरिकों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेंगे। प्रेस वार्ता में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. तथा SUDA के सीईओ शशांक पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *