छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली बिल हाफ योजना में बड़ा बदलाव किया है। चार महीने पहले 100 यूनिट तक सीमित की गई राहत को अब बढ़ाकर 200 यूनिट कर दिया गया है। नई व्यवस्था 1 दिसंबर से लागू होगी। इससे लाखों परिवारों को हर माह 400 से 500 रुपए तक की सीधी बचत होगी।
सरकार का दावा है कि अभी 200 यूनिट खपत पर जहां बिल 800 से 900 रुपए तक पहुंच जाता है, वहीं नई छूट लागू होने के बाद यह घटकर करीब 420–435 रुपए रह जाएगा। यानी आम उपभोक्ता को लगभग आधे बिल का फायदा मिलेगा।
विधानसभा के विशेष सत्र के समापन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस योजना की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिन घरेलू उपभोक्ताओं की मासिक खपत 400 यूनिट तक है, उनमें से 200 यूनिट तक का बिल आधा किया जाएगा। इस बदलाव से प्रदेश के 45 लाख से ज्यादा परिवारों को सीधे राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि 1 अगस्त 2025 को सरकार ने पिछली व्यवस्था में बदलाव करते हुए 400 यूनिट तक लागू राहत को घटाकर 100 यूनिट कर दिया था। इस फैसले का असर सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ा था और बिल लगभग दोगुना हो गया था। अब सरकार ने चार महीने में दूसरी बार नियमों में संशोधन कर राहत की सीमा फिर बढ़ा दी है।
Leave a comment