रायपुर: छत्तीसगढ़ आज अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य की जनता को विधानसभा का नया, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल भवन समर्पित करेंगे। यह भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का दौरा:
प्रधानमंत्री मोदी आज नवा रायपुर पहुंचेंगे, जहां वह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में ‘जीवन का उपहार’ समारोह में 2,500 बच्चों से बातचीत करेंगे, जिन्होंने जन्मजात हृदय रोगों का सफल उपचार कराया है।
सुबह 10:45 बजे पीएम मोदी ब्रह्माकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ का उद्घाटन करेंगे, जो शांति, शिक्षा और ध्यान का आधुनिक केंद्र है। इसके बाद 11:45 बजे प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे।
नया विधानसभा भवन: परंपरा और आधुनिकता का संगम
वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद, 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ विधानसभा को अपना स्थायी भवन मिलने जा रहा है। ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर आधारित यह भवन सौर ऊर्जा से संचालित होगा और वर्षा जल संचयन प्रणाली से सुसज्जित है। इसकी डिजाइन में ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले राज्य की कृषि संस्कृति की झलक दिखाई देती है। बस्तर के पारंपरिक काष्ठ शिल्पकारों द्वारा बनाए गए दरवाजे और फर्नीचर इसे विशिष्ट बनाते हैं।
जनजातीय गौरव का प्रतीक स्मारक
प्रधानमंत्री दोपहर 1:30 बजे शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय जनजातीय समुदायों के शौर्य और बलिदान को प्रदर्शित करेगा। साथ ही “आदि शौर्य” नामक ई-बुक और संग्रहालय पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा।
14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री दोपहर 2:30 बजे ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ में शामिल होंगे और सड़क, ऊर्जा, उद्योग और स्वास्थ्य से जुड़ी 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
ग्राम उद्यमिता और आवास योजनाएं
पीएम मोदी राज्य के 9 जिलों में 12 नए स्टार्टअप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (SVEP) ब्लॉकों का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3.51 लाख घरों के गृहप्रवेश कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और 3 लाख लाभार्थियों को 1,200 करोड़ रुपये की किश्तें जारी करेंगे।
कनेक्टिविटी को नया आयाम: ग्रीनफील्ड हाईवे और एनएच परियोजनाएं
प्रधानमंत्री पत्थलगांव-कुनकुरी से झारखंड सीमा तक चार लेन वाले ग्रीनफील्ड हाईवे की आधारशिला रखेंगे। यह 3,150 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा और मध्य भारत को पूर्वी क्षेत्र से जोड़ेगा।
साथ ही, बस्तर और नारायणपुर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी और 130सी के उन्नयन की परियोजनाओं की भी नींव रखी जाएगी, जिससे जनजातीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती:
प्रधानमंत्री बिजली क्षेत्र में अंतर-क्षेत्रीय ईआर-डब्ल्यूआर इंटरकनेक्शन परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जिससे 1,600 मेगावाट की विद्युत अंतरण क्षमता बढ़ेगी। इसके अलावा, 3,750 करोड़ रुपये की ऊर्जा परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
बिजली वितरण और सबस्टेशन विकास:
‘पुनरोद्धार वितरण क्षेत्र योजना’ (RDSS) के तहत लगभग 1,860 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण होगा। इसमें नई बिजली लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और सबस्टेशनों का निर्माण शामिल है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, गरियाबंद और बस्तर में 480 करोड़ रुपये की लागत से बने 9 नए सबस्टेशनों से 15 लाख से अधिक लोगों को स्थिर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इन परियोजनाओं से राज्य की बिजली पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा तथा छत्तीसगढ़ के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
Leave a comment